कई जिलों में आंशिक बादल छाए
रांची, जागरण संवाददाता। झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में आंशिक बादल छाए हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिणी और उत्तर पूर्वी हिस्सों के कई जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के अलावा उत्तर पूर्वी हिस्से देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और साहिबगंज के साथ साथ निकटवर्ती मध्य भाग में तेज आंधी बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ साथ 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने की संभावना है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि इन जिलों के लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि मौसम खराब होने पर बिना कारण घर से बाहर न निकलें, क्योंकि बिजली गिरने की पूरी संभावना है। उन्होंने कहा कि 7, 8 और 9 मई को आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।
झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कई स्थानों पर मेघगर्जन और बिजली गिरने की घटनाओं के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई जबकि कहीं कहीं ओलावृष्टि भी हुई। सबसे अधिक वर्षा 23.8 मिमी गुमला के जरी में हुई।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस गढ़वा का और सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।