पहले चरण में 43 सीटों पर मतदान कल, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रांची, झारखंड – झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कल 43 सीटों पर मतदान होगा। इन सीटों में से 17 सामान्य, 6 अनुसूचित जाति और 20 अनुसूचित जनजाति की सीटें हैं। मतदान के लिए 15,344 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
पहले चरण में कुल 1,37,10,717 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चरण में 683 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा, जिनमें 609 पुरुष, 73 महिला और एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर के हैं।
राज्य में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों की टीमें मतदान केंद्रों पर तैनात की गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसमें पीने का पानी, शौचालय, प्रवेश द्वार पर रैंप, व्हीलचेयर आदि शामिल हैं।
11 विधानसभा क्षेत्रों में सभी बूथों पर शाम पांच बजे तक मतदान होगा, जबकि शेष विधानसभा क्षेत्रों में सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्र के 950 बूथों पर शाम चार बजे तक ही मतदान होगा। सभी बूथों पर निर्धारित अंतिम समय में कतार में खड़े सभी मतदाताओं को मतदान का अवसर प्रदान किया जाएगा।
इस चुनाव में कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, मंत्री रामेश्वर उरांव, रामदास सोरेन, बन्ना गुप्ता आदि शामिल हैं।