नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (एनईए) ने अपने सदस्यों को निर्देश दिया है कि बिना हेलमेट पहनने वाले कर्मचारियों को फैक्ट्री में प्रवेश नहीं दिया जाए। साथ ही उनका एक दिन का वेतन भी काटा जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है। नोएडा में बिना हेलमेट फैक्ट्री आने वाले कर्मचारियों पर एक्शन लिया जाएगा।
नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (एनईए) अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन ने बताया कि कारोबारियों को पत्र जारी कर अवगत कराया गया है कि दोपहिया से आने वाले अधिकांश लोग हेलमेट लगाकर इकाइयों में नहीं पहुंचते हैं।
इससे सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं, जिससे उनकी मौत हो जाती है। ऐसे दोपहिया वाहन चालक खुद की जान खतरे में डालते हैं, साथ ही पीछे बैठकर चलने वाले लोगों की जान भी जोखिम में डालते हैं।
नियमानुसार दोनों को हेलमेट लगाकर दोपहिया वाहन की सवारी करनी चाहिए। ऐसे में लापरवाही बरतने वाले लोगों पर इकाइयों व कंपनियों में सख्ती बरतने की आवश्यकता है। इसके लिए दंड का प्रविधान किया जाए। जागरूकता के लिए फैक्ट्री-कंपनी के अंदर अभियान संचालित किया जाए।
परिवहन विभाग की ओर से नोएडा में नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नोएडा के सभी पेट्रोल पंप पर इस तरह के पोस्टर और बैनर लगे हैं। यहां पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पहने वाहन चालकों को फ्यूल नहीं दिया जा रहा है।