8 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
पटना, बिहार। बिहार में सोमवार शाम से बादलों की आवाजाही और देर रात बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा हो गया। हालांकि मंगलवार को उमस बढ़ सकती है।
पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिले में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिनों में तापमान 4-6 डिग्री बढ़ने की संभावना है, जिससे गर्मी बढ़ेगी। हालांकि, लू चलने के आसार नहीं हैं। दो दिनों बाद गर्म और आर्द्र दिन रहने के आसार हैं। तापमान में वृद्धि होने के साथ गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
बख्तियारपुर में सोमवार की देर रात आसमानी बिजली की चपेट में आने से एक किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। घटना के समय सभी राघोपुर दियारा में गेहूं फसल की दमाही कर अनाज एवं भूसा ढोने में जुटे थे। इसी बीच तेज आंधी पानी के कारण ट्रेक्टर के डाला के नीचे छिपने के प्रयास में सभी बिजली के चपेट में आ गए।
मृतकों में रितेश कुमार 15वर्ष, तुका राय 65वर्ष और सुबोध राय 40वर्ष शामिल हैं। घायलों में पारस और अरविंद का इलाज चल रहा है। पुलिस तीनों शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण हेतु भेज आगे की कार्रवाई में जुटी है।
पटना का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को शहर में बादलों की आवाजाही बनी रही और देर रात बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिन में उमस लोगों को परेशान कर सकती है और फिर इसके बाद बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में वर्षा की स्थिति देखें तो पूर्णिया के कस्बा में सर्वाधिक वर्षा 57.6 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा भागलपुर, समस्तीपुर, औरंगाबाद और सासाराम में भी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में दक्षिण भागों के कुछ जिलों में छिटपुट वर्षा की संभावना है। तापमान में वृद्धि होने के साथ गर्मी लोगों को परेशान करेगी। हालांकि, लू जैसे हालात बनने के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे वज्रपात और आंधी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। साथ ही, मौसम की जानकारी के लिए नियमित रूप से मौसम विभाग की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें।