गौतम गंभीर की गलती पड़ी भारी, युवाओं पर जताया भरोसा
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। कई भारतीय बल्लेबाज तो खाता तक नहीं खोल पाए, वहीं कुछ सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे।
भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पहले ही टेस्ट में कोच गौतम गंभीर ने जरूरत से ज्यादा प्रयोग कर दिए। गंभीर की यह गलती भारतीय टीम पर भारी पड़ गई। पहले दिन के दूसरे सेशन में आधी भारतीय टीम पवेलियन लौट गई।
गौतम गंभीर ने पहले टेस्ट के लिए युवाओं पर ज्यादा भरोसा जताया। हर्षित राणा और नीतीश रेड्डी ने टेस्ट डेब्यू किया। गंभीर ने अनुभवी रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन को बाहर बैठा दिया। भारत टीम एक स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर के साथ मैदान में उतरी। देवदत्त पडिक्कल के पास सिर्फ 1 टेस्ट खेलने का अनुभव था। ऑस्ट्रेलिया में वह पहली बार टेस्ट खेल रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई धरती पर पहली बार खेल रहे देवदत्त ही नहीं यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल भी ऑस्ट्रेलिया की घरती पर पहली बार टेस्ट खेल रहे हैं।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर मिचेल स्टार्क ने यशस्वी जायसवाल को पवेलियन भेजा। यशस्वी ने 8 गेंदों का सामना किया और वह खाता तक नहीं खोल पाए। 14 के स्कोर पर भारत ने दूसरा विकेट गंवाया। 3 नंबर पर बल्लेबाजी करने आए देवदत्त पडिक्कल भी डक पर आउट हुए। उन्होंने 23 गेंदों का सामना किया।
इसके बाद विराट कोहली और केएल राहुल ने पारी को संभालने का प्रयास किया। हालांकि, वह इसमें सफल नहीं हो सके। 32 के स्कोर पर विराट कोहली पवेलियन लौट गए। उन्होंने 12 गेंदों पर रन की पारी खेली। 23वें ओवर में केएल राहुल विवादित तरीके से आउट हुए। राहुल ने 74 गेंदें खेलीं और 26 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया में पहला टेस्ट खेल रहे ध्रुव जुरेल ने सिर्फ 11 रन बनाए। अश्विन-जडेजा की जगह खेल रहे वॉशिंगटन सुंदर केवल 4 रन बना पाए।