नई दिल्ली: पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ एक और बड़ा कदम उठाया है।
भारत ने पाकिस्तान से सारे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयातों पर प्रतिबंध लगा दिया है। वाणिज्य मंत्रालय ने नोटिस जारी करते हुए इस प्रतिबंध को जल्द से जल्द लागू करने का आदेश दिया है।
विदेश व्यापार नीति (एफटीपी) 2023 में एक प्रावधान जोड़ा गया है, जिसके तहत पाकिस्तान से आने वाले सभी तरह के आयात रोक दिए गए हैं। नोटिस में लिखा है- भारत सरकार ने पाकिस्तान से आने वाले सभी आयात पर लगाया प्रतिबंध। यह प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से होगा लागू। राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीतियों के लिए लिया गया फैसला।
विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने नोटिफिकेशन में इस प्रतिबंध की वजह भी साफ की है। उनका कहना है कि “राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीतियों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।”
अब अगर भारत में पाकिस्तान से कोई आयात होगा, तो इसके लिए भारत सरकार की इजाजत लेना आवश्यक होगा। बिना सरकार के आदेश के पाकिस्तान कोई भी चीज भारत में नहीं भेज सकता है।
विदेश व्यापार नीति (FTP) में भी नया प्रावधान जोड़ा गया है। इसमें लिखा है कि “पाकिस्तान में उत्पन्न या वहां से निर्यातित सभी वस्तुओं का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात, चाहे वे स्वतंत्र रूप से आयात योग्य हों या अन्यथा अनुमत हों, तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक प्रतिबंधित रहेगा”।
इस प्रतिबंध का पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है। पाकिस्तान से भारत में होने वाले आयात पर पूरी तरह से रोक लगने से पाकिस्तान को बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है।