25 लोग घायल
मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में भूमि विवाद को लेकर दो नागा गांवों के बीच हुई झड़प में 12 सुरक्षाकर्मियों सहित कम से कम 25 लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम को तामेंगलोंग गांव के लगभग 2 हजार निवासी भूमि विवाद को लेकर एक ज्ञापन सौंपने के लिए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। इसी दौरान दाईलोंग गांव के निवासियों ने ज्ञापन सौंपने जा रहे लोगों पर पत्थर फेंके, जिसके कारण झड़प हो गई।
झड़प के दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD) के निरीक्षण बंगले में आग लगा दी गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।
भूमि विवाद को लेकर हुई इस झड़प के बाद जिला मुख्यालय और सीमावर्ती इलाकों में BNS की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। अधिसूचना में कहा गया है कि अगले आदेश तक प्रतिबंध लागू रहेंगे।
इंफाल के एक अधिकारी ने बताया कि तामेंगलोंग में नागा समुदाय रहता है और यह झड़प दो गांवों के बीच सीमा विवाद से उपजी है। इसका मई 2023 में शुरू हुए मैतेई और कुकी के बीच जातीय झड़पों से कोई संबंध नहीं है।