सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को हरमू में 3750 वर्ग फीट का प्लॉट आवंटित किया गया
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ओलंपियन हॉकी खिलाड़ियों सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को रांची के हरमू में 3750 वर्ग फीट का प्लॉट आवंटित किया है। इसके साथ ही सरकार ने उन्हें घर बनाने के लिए 35-35 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान करने की घोषणा की है।
यह पहल राज्य के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा देगी और वे अपने हुनर को निखारने के लिए प्रोत्साहित होंगे। मुख्यमंत्री ने हॉकी में नाम रौशन करनेवाली महिला खिलाड़ियों से किया गया वादा पूरा किया है।
सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को रांची के हरमू स्थित आवासीय कॉलोनी में 3750 वर्ग फीट भूखंड आवंटन के कागजात सौंपे गए हैं। यह प्लॉट हरमू से कडरू जानेवाले मुख्य मार्ग पर स्थित मंदिर के निकट है।
सरकार ने आधिकारिक तौर पर बेहतरीन महिला हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान की खेल उपलब्धियों को मान्यता देते हुए राजधानी रांची में उनके खुद के घर का सपना पूरा कर दिया है।
इन दोनों स्टार हाकी खिलाड़ियों को हरमू आवासीय कॉलोनी के प्लॉट नंबर – 10 (बी) तथा 10 (ए) आवंटित किया गया है जो 3750-3750 वर्ग फीट भूखंड क्षेत्रफल में फैला हुआ है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की बेटियों ने देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव मदद करेगी।
इस मौके पर सलीमा टेटे और निक्की प्रधान ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए एक बड़ा सम्मान है और वे इस अवसर के लिए सरकार का आभार व्यक्त करती हैं।