उत्तराखंड में पहली बर्फबारी, दिल्ली में आज भी हो सकती है बारिश।
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज रविवार को बदल गया और आंशिक बादलों के बीच पहला हिमपात हुआ है। बदरी-केदार समेत चारों धाम और आसपास की चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी प्रदेश में आंशिक से लेकर पूर्ण रूप से बादल छाये रहने और ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की आशंका जताई गई है। जिससे तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तराखंड में मौसम बदला है और करीब दो माह बाद वर्षा के आसार बने हैं। हर्षिल, लोखंडी, सुक्की टाप, औली समेत अन्य चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इस दौरान निचले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड महसूस की जाने लगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से प्रदेश में वर्षा और हिमपात की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी प्रदेश के कई जिलों में वर्षा और हिमपात होने की संभावना है।
दिल्ली में आज भी हो सकती है बारिश
दिल्ली में रविवार शाम को बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी दिल्ली में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, झारखंड, सिक्किम और हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बदला है और बारिश और हिमपात की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।