हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं में 30-40% कमी, सरकार ने किसानों और अधिकारियों पर सख्ती की
हरियाणा सरकार ने पराली जलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की, 100 से अधिक किसानों पर एफआईआर और 25 अधिकारियों को निलंबित किया गया
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने पराली जलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। 100 से अधिक किसानों पर एफआईआर दर्ज की गई है और 360 किसानों के चालान काटे गए हैं। साथ ही, 25 अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट की कड़ी टिप्पणियों के बाद की गई है।
हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं में 30-40% कमी आई है, लेकिन सरकार ने किसानों और अधिकारियों पर सख्ती की है। पराली जलाने वाले किसानों से करीब 10 लाख रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए गए हैं।
हरियाणा के पर्यावरण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण ने बताया कि किसानों को पराली नहीं जलाने के प्रति जागरूक बनाने तथा नोडल अधिकारियों को किसानों को जागरूक करने के लिए सख्ती की जा रही है।
सरकार ने धूल फेंकने वाले निर्माण कार्यों पर रोक लगाई है और डीजल से चलने वाले जेनरेटर चलाने पर एनसीआर में प्रतिबंध लगाया गया है। नियमों और आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के लिए जिला उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों को मुख्य सचिव की ओर से निर्देशित किया गया है।