नरपतगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब से भरा ट्रक जब्त
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फारबिसगंज के नेतृत्व में नरपतगंज थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक जब्त किया है। इस दौरान दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को 7 जनवरी 2026 को मद्य निषेध इकाई पटना से सूचना मिली थी कि असम से एक 12 चक्का ट्रक में शराब की बड़ी खेप अररिया के रास्ते लाई जा रही है। सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फारबिसगंज के नेतृत्व में नरपतगंज थाना के सामने बैरियर लगाकर वाहन जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान जैसे ही संदिग्ध ट्रक पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी में ट्रक के केबिन के पीछे बने बॉक्स से 181 कार्टून में कुल 1574.78 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने ट्रक चालक मनोवर हुसैन और खलासी अमित कुमार उर्फ गुड्डू को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ नरपतगंज थाना कांड संख्या 09/26 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

