हयातपुर में प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम, जिलाधिकारी द्वारा लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत्यादेश एवं राशन कार्ड का किया गया वितरण
बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के तहत संचालित सात निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत हयातपुर पंचायत स्थित मनरेगा भवन में प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन ने की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना तथा उनका त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने एक-एक कर उपस्थित ग्रामीणों की शिकायतें, मांगें एवं सुझाव सुने। भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन, विद्युत, पेयजल आदि से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। डीएम ने संबंधित मामलों पर मौके पर ही विभागीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए षिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा 02 लाभुकों को बासगीत पर्चा, 03 लाभुकों को बिहार नि:शक्ता पेंशन योजना, 05 लाभुकों को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना का स्वीकृत्यादेश एवं 02 लाभुकों के बीच राशन कार्ड का वितरण किया गया।
मौके पर अपर समाहर्ता अररिया, उप विकास आयुक्त अररिया, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अररिया, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अररिया सहित सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत स्तरीय कर्मी तथा हयातपुर पंचायत के माननीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया।

