मार्गदर्शक न्यूज, अररिया, 05 फरवरी 2026 : दो सप्ताह पूर्व जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन के समक्ष अग्निकांड से प्रभावित लंबित अनुदान राशि भुगतान से संबंधित मामले संज्ञान में आए। जिसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न प्रखंडों में अग्निकांड से प्रभावित लंबित आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी अंचल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के लंबित आवेदनों की शीघ्रता से जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र पीड़ित परिवारों को समय पर राहत राशि प्रदान की जा सके।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत अग्निकांड मद में कुल 459 मामले लंबित पाए गए थे। अंचल अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदनों के आधार पर जिला पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध आवंटन के अनुरूप 246 अग्निकांड से प्रभावित पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत राशि देने का निर्देश दिया है। प्रत्येक लाभुक परिवार को 12,000 रुपये की दर से कुल 29,52,000 रुपये (उनतीस लाख बावन हजार रुपये) का भुगतान किया गया है।
साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि शेष लंबित मामलों में विभाग से जैसे ही आवंटन प्राप्त हो, वैसे ही अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवारों को राहत राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया है कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए।
जिलान्तर्गत प्रखंडवार विवरण के अनुसार अररिया प्रखंड से 22, रानीगंज प्रखंड से 25, पलासी प्रखंड से 23 तथा जोकीहाट प्रखंड से सर्वाधिक 176 लाभुकों को इस अनुदान योजना का लाभ मिलेगा। जिससेे अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल और उनके पुनर्वास में सहायता मिल सके।

