- संगठनात्मक मजबूती और विकास पर जोर, विधायक विजय खेमका की बैठक में तय हुआ रोडमैप
- ‘मन की बात’ को बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति, बजट सत्र में उठेंगे क्षेत्रीय मुद्दे
संवाददाता — रुद्र किंकर, मार्गदर्शक न्यूज
पूर्णिया। गुलाबबाग स्थित विधायक जनसंपर्क कार्यालय में पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के मंडल भाजपा अध्यक्षों एवं महामंत्रियों के साथ विधायक विजय खेमका की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को बूथ स्तर तक सुनने एवं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को लेकर रणनीति बनाई गई। इसके लिए मंडल स्तर से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। इसके साथ ही पटना स्थित बापू सभागार में प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यक्रम में पूर्णिया से अधिकाधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
विधायक विजय खेमका ने मंडल प्रभारियों एवं पदाधिकारियों से संगठनात्मक समन्वय को और सुदृढ़ करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर नियमित संवाद और संपर्क से ही संगठन को मजबूती मिलती है, जिससे जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।
बैठक में विधायक ने पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मंडल पदाधिकारियों से सुझाव भी प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि आगामी बजट सत्र में क्षेत्र के विकास से संबंधित आवश्यक मुद्दों को प्रभावी तरीके से सदन में उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में विकास की गति तेज हुई है और समाज के सभी वर्गों के हित में योजनाएं लागू की जा रही हैं।
विधायक ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में पूर्णिया के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं और नई योजनाओं की स्वीकृति के लिए निरंतर प्रयास जारी है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा बिहार को दी जा रही विशेष प्राथमिकता का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका लाभ सीमांचल सहित पूरे प्रदेश को मिल रहा है।
बैठक में विधानसभा संयोजक संजय मिश्रा, मंडल प्रभारी अनुपमा झा, सुकेश पाल, विजय मांझी, चंदन पासवान, सुजीत सिन्हा, मंडल अध्यक्ष पानो देवी, मनोज सिंह, गोपाल सिन्हा, मनोज गोस्वामी, पवन सहनी सहित मंडल के सभी महामंत्री उपस्थित रहे।

