रिपोर्ट: रुद्र किंकर, मार्गदर्शक न्यूज, अररिया। बटराहा। कुर्साकांटा प्रखंड की ग्राम पंचायत सिकटिया अंतर्गत बटराहा में इंडो-नेपाल सीमा सड़क के समीप रविवार को बाबा सुंदरनाथ धाम फ्यूल पंप का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व मंत्री सह सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल, पूर्व प्रखंड प्रमुख सुशील कुमार सिंह एवं भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर विधायक विजय कुमार मंडल ने सांसद को बुके भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि गांवों को जब बेहतर सड़क, परिवहन और आधारभूत सुविधाओं से जोड़ा जाता है, तभी विकास की वास्तविक तस्वीर सामने आती है। सीमा क्षेत्र जैसे सुदूर इलाके में फ्यूल पंप की शुरुआत विकासशील सोच का प्रतीक है। उन्होंने फ्यूल पंप के संचालक एवं भाजपा के युवा नेता जोशी मंडल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी प्रतिष्ठान की पहचान ग्राहक संतुष्टि से बनती है।
पूर्व मंत्री सह विधायक विजय कुमार मंडल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में फ्यूल पंप के संचालन से किसानों, व्यापारियों और वाहन चालकों को सीधा लाभ मिलेगा। ईंधन के लिए दूर-दराज भटकने की मजबूरी खत्म होगी और उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण पेट्रोल-डीजल उपलब्ध हो सकेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
पूर्व जिला परिषद सदस्य बैद्यनाथ मिश्र ने कहा कि बाबा सुंदरनाथ धाम के नाम से फ्यूल पंप का शुभारंभ धार्मिक आस्था और विकास का सुंदर संगम है। वहीं पूर्व प्रखंड प्रमुख सुशील कुमार सिंह ने इसे विकसित भारत, विकसित अररिया और विकसित सिकटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उद्घाटन समारोह के दौरान सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल एवं उनके सुपुत्र, फ्यूल पंप के प्रोपराइटर जोशी मंडल को नए प्रतिष्ठान के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक विजय कुमार मंडल ने भी क्षेत्र की समृद्धि और उन्नति के लिए बाबा सुंदरनाथ से मंगलकामना की।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री आकाश राज, मंडल अध्यक्ष रविंद्र नाथ ठाकुर, महेश साह, कुमोद झा, जिप प्रतिनिधि सह भाजपा नेता अजीत झा, भाजपा नेता राजा मिश्रा, पूर्व मुखिया जयकुमार मंडल, मुखिया फिरोज आलम, रामानंद मंडल, परमानंद मंडल, पैक्स अध्यक्ष रमन कुमार वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष रामवेणी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
Copyright (c) 2019 by Jegtheme.

