मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने माता गुजरी का तैलचित्र भेंट कर किया सम्मानित
रिपोर्ट: रुद्र किंकर, मार्गदर्शक न्यूज, किशनगंज।
बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के किशनगंज आगमन पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में गरिमामय वातावरण देखने को मिला। कॉलेज प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने राज्यपाल का आत्मीय स्वागत किया। इस मौके पर उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राज्यपाल ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज का भ्रमण कर शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की सराहना की और कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था का विस्तार समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों को सेवा और संवेदनशीलता का प्रतीक बताते हुए गुणवत्तापूर्ण इलाज को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
दौरे के उपरांत राज्यपाल उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के आवास पर आयोजित अल्पाहार कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री डॉ. जायसवाल ने राज्यपाल को माता गुजरी का तैलचित्र भेंट कर सम्मानित किया। लगभग एक घंटे तक चले कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर अनौपचारिक चर्चा हुई।
राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मेडिकल कॉलेज से लेकर मंत्री आवास तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की, जबकि जिला पदाधिकारी विशाल राज ने तैयारियों का जायजा लिया। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखी गई।
राज्यपाल के दौरे से एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल रहा। छात्र-छात्राओं, मेडिकल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे उच्चस्तरीय दौरों से संस्थानों की पहचान सशक्त होती है और विकास कार्यों को नई गति मिलती है।