मार्गदर्शक न्यूज, अररिया। अररिया जिले में किसानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में चलाए जा रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत बुधवार को जिलाधिकारी श्री विनोद दूहन ने जोगबनी (कचहरी नेता जी चौक) तथा नरपतगंज प्रखंड के पंचायत बाबूआन अंतर्गत ग्राम डुमरबना में संचालित फार्मर रजिस्ट्री कैम्प का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पंजीकरण काउंटर, तकनीकी व्यवस्था एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित किसानों से संवाद कर फार्मर रजिस्ट्री के महत्व की जानकारी दी तथा सभी पात्र किसानों से शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कैम्पों में पर्याप्त कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए और पंजीकरण कार्य में और गति लाई जाए, ताकि जिले के शत-प्रतिशत किसानों को इस अभियान से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों की एकीकृत डिजिटल पहचान है, जिसके माध्यम से उन्हें विभिन्न कृषि एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से प्राप्त होगा।
जिले में अब तक लगभग 1.50 लाख किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है। शेष किसानों के लिए विशेष कैम्पों का आयोजन किया जा रहा है। किसान अपने पंचायत के कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, राजस्व कर्मचारी अथवा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC)/वसुधा केंद्र पर निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। इच्छुक किसान बिहार फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल के माध्यम से स्वयं भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
फार्मर रजिस्ट्री हेतु आधार कार्ड, मोबाइल नंबर तथा स्वयं के नाम से जमाबंदी का विवरण आवश्यक है। इस रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), कृषि अनुदान एवं फसल क्षति की स्थिति में सहायता राशि का लाभ आसानी से प्राप्त हो सकेगा।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित दस्तावेजों के साथ निकटतम कैम्प में पहुंचकर समय पर पंजीकरण कराएं और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें।
Copyright (c) 2019 by Jegtheme.

