मार्गदर्शक न्यूज, अररिया। जोगबनी खजूरबाड़ी स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा 90वीं महाशिवरात्रि उत्सव के अवसर पर भव्य झांकी एवं शांति पदयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला संचालिका राजयोगिनी उर्मिला बहन, स्थानीय संचालिका सिमरन बहन एवं नितेश भाई ने किया।
शांति पदयात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शिव संदेश का प्रसार करती रही। इस दौरान बड़ी संख्या में देवी-भाई-बहनों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
नगर भ्रमण के क्रम में राजयोगिनी उर्मिला बहन ने कहा कि महाशिवरात्रि परमात्मा शिव के अवतरण की स्मृति का पावन पर्व है। उन्होंने कहा कि परमात्मा शिव स्वयं को समस्त आत्माओं का पिता बताते हैं और वर्तमान समय आत्म-परिवर्तन का है। हमें अपने भीतर की बुराइयों का अंत कर सद्गुणों को अपनाना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू से पधारे रजनीश तिवारी भाई ने अपने संबोधन में आध्यात्मिक जागरूकता एवं आत्मोन्नति पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह समय आत्मचिंतन एवं परमात्मा से जुड़ने का है, जिससे मानव जीवन को शांति और दिशा मिलती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष जोगबनी की रानी बहन ने किया। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था चरित्र निर्माण एवं आध्यात्मिक उन्नति के लिए प्रेरणादायी मंच प्रदान करती है।
इस अवसर पर पप्पू भाई, संजय भाई, देवनारायण भाई, लवली बहन, रोशन पंडित, रामप्रसाद भाई, बिहारी लाल बैठा, अर्जुन भाई, विशेश्वर बाबूजी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
Copyright (c) 2019 by Jegtheme.

