मार्गदर्शक न्यूज, अररिया। आगामी 15 फरवरी से प्रारंभ होने वाले महाशिवरात्रि मेला एवं सुंदरनाथ धाम महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। तैयारियों का जायजा लेने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी श्री विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार ने सुंदरनाथ धाम परिसर का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।
ज्ञात हो कि 15 फरवरी 2026 को सुंदरनाथ धाम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ ही महाशिवरात्रि मेला भी शुरू होगा। यह मेला लगभग 15 दिनों तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान डीएम-एसपी ने मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग व्यवस्था, पार्किंग स्थल, कंट्रोल रूम, अस्थायी दुकानों की व्यवस्था तथा साफ-सफाई की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सा शिविर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत मंदिर समिति, सीमा सुरक्षा बल तथा स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वच्छता जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी कुर्साकांटा को मेला क्षेत्र के आसपास अवैध अतिक्रमण हटाने एवं मार्गों को सुगम बनाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां विशेष चौकसी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपील की है, ताकि मेला शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
Copyright (c) 2019 by Jegtheme.

