मार्गदर्शक न्यूज, अररिया। अररिया सदर अस्पताल परिसर में जीविका एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल से संचालित ‘जीविका स्वास्थ्य सहायता केन्द्र’ ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आने वाली जीविका दीदियों के लिए महत्वपूर्ण सहयोगी साबित हो रहा है। 3 फरवरी 2023 से शुरू हुए इस केन्द्र के माध्यम से अब तक 26,533 मरीजों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं में सहायता प्रदान की जा चुकी है।
सदर अस्पताल में संचालित यह हेल्प डेस्क दो शिफ्टों में कार्यरत है। वर्तमान में चार प्रशिक्षित स्वास्थ्य मित्र यहां तैनात हैं, जो दूर-दराज से इलाज के लिए आने वाली जीविका दीदियों एवं उनके परिजनों को पंजीकरण, भर्ती प्रक्रिया, चिकित्सकीय परामर्श तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं में सहयोग प्रदान करती हैं।
सुविधा को और सुलभ बनाने के लिए 6299127130 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर संपर्क कर अस्पताल में पर्ची कटवाने, डॉक्टर से परामर्श, भर्ती प्रक्रिया तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जीविका समूहों की बैठकों में भी इस सुविधा की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लाभुकों तक इसका लाभ पहुंचे।
जीविका दीदियों का कहना है कि हेल्प डेस्क की उपलब्धता से उन्हें अस्पताल में अनावश्यक भटकाव से राहत मिली है। कई दीदियां अस्पताल आने से पूर्व ही हेल्पलाइन पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर लेती हैं, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होती है।
विशेष बात यह है कि स्वास्थ्य मित्र इलाज के बाद भी लाभुकों से फोन के माध्यम से फॉलो-अप करते हैं, ताकि उन्हें आवश्यक उपचार और सलाह समय पर मिलती रहे। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित चिकित्सकों से समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त सहयोग भी उपलब्ध कराया जाता है।
जीविका एवं स्वास्थ्य विभाग की यह संयुक्त पहल जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक सहज और सम्मानजनक पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
Copyright (c) 2019 by Jegtheme.

