रिपोर्ट: रुद्र किंकर मार्गदर्शक न्यूज अररिया। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिले के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्त जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने विश्व प्रसिद्ध मां खड्गेश्वरी महाकाली मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां खड्गेश्वरी महाकाली एवं बाबा खड्गेश्वरनाथ महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
मंदिर पहुंचने पर नानू बाबा ने एसपी को चुनरी एवं माला पहनाकर आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर हेमंत कुमार हीरा द्वारा लिखित पुस्तक “नानू बाबा के द्वार” भी उन्हें भेंट की गई। एसपी ने पहले मां काली की पूजा की, इसके बाद बाबा खड्गेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक एवं आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात रहे। प्रशासनिक व्यवस्था के चलते भक्तों ने शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना संपन्न की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन की सक्रिय मौजूदगी से व्यवस्था सुचारू रही और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
महाशिवरात्रि के अवसर पर आस्था और प्रशासन के समन्वय की यह तस्वीर जिले में शांति, सुरक्षा और धार्मिक सौहार्द का संदेश देती नजर आई।
Copyright (c) 2019 by Jegtheme.

