- पूर्णिया में मंत्री का मेगा दौरा — भव्य स्वागत, एक्सपो में शिरकत और शिव मंदिर में पूजा
- “यह सम्मान नहीं, जनसेवा पर विश्वास” — डॉ. दिलीप जायसवाल
- कार्यकर्ताओं का उत्साह, विकास और आस्था दोनों मंचों पर दिखी सक्रियता
रिपोर्ट: रुद्र किंकर, मार्गदर्शक न्यूज, पूर्णिया | बिहार सरकार के उद्योग एवं पथ निर्माण विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल के पूर्णिया आगमन पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज सिंह के नेतृत्व में समर्पित कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर अभिनंदन किया। इस दौरान जिला मंत्री सह भाजपा नेत्री नूतन गुप्ता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर बाबा भोलेनाथ से उनके सफल जनसेवा कार्यों की कामना की।
मंत्री ने स्वागत से अभिभूत होते हुए कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं बल्कि जनसेवा के प्रति जनता के विश्वास की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया की प्रगति, युवाओं के अवसर और बिहार के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
एक्सपो में दिखा अंतरराष्ट्रीय *सहयोग का मंच*
अपने दौरे के दौरान मंत्री ऐतिहासिक रंगभूमि मैदान में आयोजित इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय “पूर्णिया एक्सपो-2026” के समापन समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत और नेपाल के बीच व्यापार, उद्योग, कृषि, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करने वाला सशक्त मंच है। ऐसे प्रयासों से क्षेत्रीय विकास को गति मिलने के साथ स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक पहचान मिलेगी।
*महाशिवरात्रि पर मंदिर में पूजा-अर्चना*
महाशिवरात्रि के अवसर पर मंत्री चुनापुर स्थित श्री श्री 108 सार्वजनिक शिव परिवार मंदिर परिसर में आयोजित प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए और पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि सनातन आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का संदेश देता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
