रिपोर्ट: रुद्र किंकर, मार्गदर्शक न्यूज, पूर्णियां। विकसित बिहार बजट 2026-27 को लेकर विकास भवन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में राज्य सरकार के उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने मीडिया से सीधे संवाद करते हुए सरकार की प्राथमिकताओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य में मजबूत आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास को गति देना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।
मंत्री ने बताया कि पथ निर्माण विभाग के तहत सड़कों और पुलों के सुदृढ़ीकरण, बेहतर कनेक्टिविटी तथा क्षेत्रीय संतुलित विकास के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। विशेष रूप से सीमांचल क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में आवागमन की सुविधाएं और बेहतर होंगी, जिससे व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
उद्योग विभाग की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश आकर्षित करने और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। छोटे एवं मध्यम उद्योगों के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें और स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त हो।
प्रेसवार्ता के दौरान स्थानीय विधायक विजय खेमका, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पत्रकारों ने क्षेत्रीय समस्याओं, सड़क परियोजनाओं और औद्योगिक विकास से जुड़े सवाल उठाए, जिनका मंत्री ने विस्तार से जवाब दिया।
मीडिया के साथ इस खुले संवाद को विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार की मंशा स्पष्ट करने के महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। मंत्री ने कहा कि विकसित बिहार का सपना जनसहभागिता और पारदर्शी कार्यशैली से ही साकार होगा।
Copyright (c) 2019 by Jegtheme.

