मार्गदर्शक न्यूज अररिया, 06 फरवरी 2026 : जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित आत्मन सभागार में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) I एवं II तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत कुल 06 लाभुकों को ऋण स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया।
शिविर में लाभुकों को उनके प्रस्तावित उद्योगों क्षेत्र से संबंधित योजनाओं के लिए बैंक ऋण की स्वीकृति प्रदान की गई है। ऋण कैम्प का उद्देश्य जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देना, युवाओं एवं उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना रहा।
जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन ने लाभुकों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य एवं केन्द्र सरकार की ये योजनाएं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लाभुकों से ऋण का सदुपयोग करते हुए समय पर उद्योग स्थापित करने और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की अपील की। साथ ही संबंधित बैंक अधिकारियों एवं उद्योग विभाग के पदाधिकारियों को योजनाओं के त्वरित एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। शिविर में उद्योग विभाग के पदाधिकारी, बैंक प्रतिनिधि तथा लाभुक उपस्थित थे।

