मार्गदर्शक न्यूज, अररिया, 06 फरवरी 2026 : बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के तहत “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागर में जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में कुल 85 परिवादियों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई गईं।
जनता दरबार में भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों की संख्या अधिक रहीं। इसके अलावा जीविका, विद्युत, समाज कल्याण, पीएचईडी सहित अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं भी सामने आईं। जिला पदाधिकारी ने सभी परिवादों को गंभीरता से सुना और संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से निष्पादन के निर्देश दिए।
इस क्रम में भूमि विवाद से जुड़े कई मामलों में जिला पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित अंचल अधिकारियों के माध्यम से ऑन द स्पॉट समाधान कराया गया, जिससे परिवादियों को त्वरित राहत मिली। जनता दरबार में परिवादी श्री शिव शंकर मंडल, कमलेश्वर ठाकुर, कमलेश्वरी ऋषिदेव, रुखसाना उर्फ साइनाज सहित अन्य लोगों ने भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं।
नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में श्री संतोष यादव द्वारा भूमि में लगे गेहूं की फसल की सिंचाई हेतु अनुमति की मांग की गई, जिस पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं श्री दीपक कुमार मंडल ने लाल कार्ड की भूमि पर भूमाफिया द्वारा जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। कुर्साकाटा प्रखंड के कमलदाहा पंचायत में मनरेगा योजनाओं की जांच का अनुरोध श्री दीपक कुमार ठाकुर द्वारा किया गया।
इसके अतिरिक्त काजल कुमारी ने जीविका समूह के सदस्यों के साथ आईसीआईसीआई बैंक कर्मी द्वारा फर्जीवाड़ा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभाग को जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

