रिपोर्ट – राजीव रंजन (ब्यूरो चीफ), रक्सौल (पूर्वी चंपारण) : महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के उद्देश्य से रक्सौल स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर परिसर में महिला संगठन ‘काली सेना’ का औपचारिक गठन किया गया। सैकड़ों महिलाओं की मौजूदगी में आयोजित यह कार्यक्रम ऐतिहासिक और प्रेरणादायी माहौल में संपन्न हुआ। आयोजन काली मंदिर के पीठाधीश्वर सेवक संजय नाथ के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर सेवक संजय नाथ ने कहा कि काली सेना पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित संगठन होगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में व्याप्त लैंगिक भेदभाव, यौन उत्पीड़न और अन्य अत्याचारों के खिलाफ सशक्त आवाज उठाना है। संगठन शिक्षा, स्वास्थ्य, कानूनी सहायता, सुरक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि काली सेना से जुड़ी महिलाओं को काली न्यास द्वारा संचालित अस्पताल में इलाज पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान भाजपा महिला मोर्चा, रक्सौल जिला की महामंत्री पार्वती तिवारी को सर्वसम्मति से काली सेना का राष्ट्रीय प्रमुख नियुक्त किया गया। अपने संबोधन में पार्वती तिवारी ने कहा कि हर महिला के भीतर मां काली और मां दुर्गा की शक्ति समाहित है। काली सेना महिलाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का मंच प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि संगठन के माध्यम से महिलाओं को कुटीर उद्योगों से जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें रोजगार के अवसर मिलें और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। इस अवसर पर संगठन के अन्य पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई—
पूर्णिमा देवी को राष्ट्रीय सह प्रमुख, रिंकू देवी को सचिव, रामकली देवी को सह सचिव, नीलू देवी को संगठन सह सचिव, आसमा खातून को संगठन मंत्री तथा पूजा देवी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने संगठन के उद्देश्यों का समर्थन करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। वहीं, रक्सौल के सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के साथ लायंस क्लब ऑफ रक्सौल के अध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता लायन बिमल सर्राफ ने भी संगठन के स्वर्णिम भविष्य की कामना की और सामाजिक कार्यों में सदैव सहयोग देने का संकल्प लिया।
Copyright (c) 2019 by Jegtheme.

