- राशन वितरण, नल-जल योजना और खाद-बीज बिक्री में अनियमितताओं का उठा मामला
रिपोर्ट- राजीव रंजन (ब्यूरो चीफ) कोटवा (पूर्वी चंपारण)। प्रखंड पंचायत समिति की बैठक शनिवार को दीपउ स्थित किसान भवन में आयोजित की गई। बैठक के दौरान जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सदन का माहौल काफी गर्म रहा। प्रखंड प्रमुख विभा देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों ने राशन वितरण, नल-जल योजना, खाद एवं बीज बिक्री सहित कई गंभीर समस्याएं उठाईं।
बैठक में प्रखंड प्रमुख विभा देवी ने जन वितरण प्रणाली में व्याप्त अनियमितताओं पर नाराजगी जताते हुए बीडीओ को तत्काल सुधार सुनिश्चित कराने तथा दोषी पदाधिकारियों व कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पत्र लिखने का निर्देश दिया। करारिया पंचायत के सदस्य कमलेश साह ने खाद एवं बीज की बिक्री में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। वहीं मुखिया संघ अध्यक्ष जितेंद्र यादव और मुखिया मुखलाल राम ने नल-जल योजना के सुचारु संचालन में लापरवाही और राशन वितरण में धांधली को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
बैठक का सबसे अहम और संवेदनशील मुद्दा दीपउ में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का रहा। सदस्यों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते हैं और केंद्र पिछले चार महीनों से बंद पड़ा है। साथ ही चिकित्सा पदाधिकारी के प्रखंड कार्यालय एवं बैठकों में अनुपस्थित रहने को लेकर भी सदन में नाराजगी व्यक्त की गई।
इस पर बीडीओ चिरंजीवी पांडेय ने बताया कि सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी मामलों को संज्ञान में लिया गया है तथा संबंधित विषयों पर जिला प्रशासन को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन पदाधिकारियों की इंटर परीक्षा में ड्यूटी नहीं थी, इसके बावजूद वे अनुपस्थित रहे, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
बैठक में सीडीपीओ अर्चना कुमारी, मुखिया अखिलेश कुमार सिंह उर्फ राजू ठाकुर, अर्चना देवी, पप्पू कुमार यादव, उप प्रमुख ममता देवी सहित सभी पंचायत समिति सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

