रिपोर्ट- मो० शाहनवाज (ब्यूरो चीफ), हाजीपुर (वैशाली)।
श्रीलंका स्थित साउथ एशिया रीजन कोलैबोरेशन फाउंडेशन की ओर से लोकतंत्र, मानवाधिकार तथा प्रेस एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दक्षिण एशिया के पत्रकारों को साउथ एशियन हीरो अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली के होटल क्राउन प्लाजा में आयोजित विशेष समारोह के दौरान प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वाले पत्रकारों में बिहार से मानवाधिकार पत्रकारिता के संवाहक डॉ. शशि भूषण भी शामिल हैं। इसके अलावा नेपाल से सार्क जर्नलिस्ट्स फोरम के इंटरनेशनल प्रेसिडेंट राजू लामा, बांग्लादेश से जनरल सेक्रेटरी मो. अब्दुर रहमान तथा भारत से स्मिता मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नेपाल, भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका के कई वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति रही।
सम्मान ग्रहण करने के बाद सार्क जर्नलिस्ट्स फोरम के इंटरनेशनल प्रेसिडेंट राजू लामा ने कहा कि इस तरह के सम्मान पत्रकारों को लोकतंत्र, मानवाधिकार और प्रेस की स्वतंत्रता के पक्ष में और अधिक मजबूती से कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि सार्क जर्नलिस्ट्स फोरम लगातार शांति, लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की वकालत करता रहा है।
इस अवसर पर नेपाल के रुद्र सुबेदी, नृपेंद्र लाल श्रेष्ठ, अजमत अली सिद्दीकी, भारत के अनिरुद्ध सुधांशु, बिहार के डॉ. शशि भूषण कुमार, श्रीलंका के राहुल समंथा सहित अन्य पत्रकारों को भी साउथ एशियन हीरो अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया।सार्क फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अमिला मोरेमाडा ने कहा कि फाउंडेशन भविष्य में भी दक्षिण एशिया में लोकतंत्र, मानवाधिकार तथा प्रेस एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा और सशक्तिकरण के लिए कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करता रहेगा। उन्होंने बताया कि संगठन इन मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है।
Copyright (c) 2019 by Jegtheme.

