रिपोर्ट: राहुल श्रीवास्तव (ब्यूरो चीफ), बरौली। बरौली प्रखंड के तत्कालीन अंचलाधिकारी पर करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने सख्ती बढ़ाते हुए फरार चल रहे अभियुक्तों के खिलाफ इश्तेहार की कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में नामजद अभियुक्तों के घर इश्तेहार चिपकाया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उक्त मामले में मोहनपुर गांव निवासी हरेश सिंह एवं प्रियंका सिंह घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। केस के अनुसंधानकर्ता शिव शंकर पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों के आवास पर इश्तेहार चस्पा किया तथा ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर यदि अभियुक्त आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व बरौली प्रखंड में सरकारी कार्य के दौरान तत्कालीन अंचलाधिकारी पर जानलेवा हमला किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी, जिसमें हरेश सिंह और प्रियंका सिंह की संलिप्तता सामने आई। पुलिस का कहना है कि कानून से फरार चल रहे अभियुक्तों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
Copyright (c) 2019 by Jegtheme.

