रिपोर्ट: रुद्र किंकर, मार्गदर्शक न्यूज, मदनपुर (अररिया)। मदनपुर पश्चिमी पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव में बड़ा उलटफेर सामने आया है। लगातार 15 वर्षों से अध्यक्ष पद पर काबिज मनोज कुमार सिंह को गंगा कांत झा ने कड़े और बेहद रोमांचक मुकाबले में मात्र 7 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। परिणाम घोषित होते ही क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
इस चुनाव में सीधा मुकाबला दो प्रत्याशियों के बीच था। एक ओर अनुभव के सहारे चुनाव मैदान में उतरे मनोज कुमार सिंह थे, तो दूसरी ओर बदलाव के नारे के साथ गंगा कांत झा ने मतदाताओं से समर्थन मांगा। मतदान के बाद मतगणना में अंतिम दौर तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी, लेकिन अंततः मतदाताओं ने बेहद करीबी अंतर से गंगा कांत झा के पक्ष में फैसला सुनाया।
चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय स्तर पर पैक्स की कार्यप्रणाली को लेकर बदलाव की मांग मुखर रही। गंगा कांत झा ने अपने प्रचार में पैक्स व्यवस्था में पारदर्शिता, किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, धान, गेहूं और मक्का की सरकारी दर पर खरीद सुनिश्चित करने तथा पैक्स को सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।
विजय के बाद गंगा कांत झा ने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत किसानों और सदस्यों के विश्वास की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पैक्स को नई सोच और कार्यसंस्कृति के साथ आगे बढ़ाया जाएगा तथा पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
चुनावी नतीजे को क्षेत्र में नेतृत्व परिवर्तन और पैक्स की कार्यप्रणाली में सुधार की उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है। मतदाताओं ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वे अब पैक्स से अधिक पारदर्शी और किसानहितैषी भूमिका की अपेक्षा रखते हैं।

