- सदन में गूंजा पूर्णिया का विकास एजेंडा, विधायक विजय खेमका ने उठाए कई बड़े मुद्दे
- एग्रो मॉडल पार्क से लेकर सड़क, शिक्षा और छात्रावास तक विकास की जोरदार पैरवी
रिपोर्ट: रुद्र किंकर, मार्गदर्शक न्यूज, पटना l बिहार विधानसभा के चालू सत्र में पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों को विधायक विजय खेमका ने मजबूती से सदन के पटल पर रखा। उन्होंने गुलाबबाग स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति की भूमि (मेला ग्राउंड) पर आधुनिक सुविधाओं से लैस “एग्रो मॉडल पार्क” बनाने की मांग करते हुए कहा कि यह परियोजना कृषि विकास के साथ पर्यटन को भी नई दिशा देगी।
विधायक ने प्रस्तावित एग्रो मॉडल पार्क में अत्याधुनिक क्रॉप एवं फूड जोन, प्लांट और ग्रीन एरिया, कैफेटेरिया, मिनी ऑडिटोरियम तथा बच्चों के लिए प्लेग्राउंड जैसी सुविधाएं विकसित करने की बात कही। उनका तर्क था कि सीमांचल के प्रमुख कृषि केंद्र पूर्णिया में ऐसी पहल से किसानों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी।
सदन में विजय खेमका ने दानवीर भामाशाह की जयंती को पूर्णिया में सरकारी महोत्सव का दर्जा देने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि भामाशाह का त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा का इतिहास नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है, इसलिए राज्य सरकार को इस आयोजन को संरक्षण देकर भव्य रूप देना चाहिए।
इसके अलावा विधायक ने बांग्ला भाषी छात्र-छात्राओं के हित में पाठ्यक्रम की पुस्तकों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने पूर्णिया विश्वविद्यालय परिसर में तीन वर्ष पूर्व निर्मित 10 कमरों के आधुनिक भवन को जर्जर छात्रावास में रह रहे छात्रों को स्थानांतरित करने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा और बेहतर सुविधा सर्वोपरि है, इसलिए नए भवन का उपयोग जल्द शुरू होना चाहिए।
विधायक ने पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक के एमआर रोड बिलरिया काला दियरा से संथाल टोला तक की कच्ची सड़क को पक्की करने का भी निवेदन किया। साथ ही फार्मासिस्ट भर्ती में सेवा अवधि के आधार पर आयु सीमा और अंकों में अधिमान्यता देने संबंधी आग्रह पत्र मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंपने की जानकारी दी।
विजय खेमका ने कहा कि पूर्णिया सहित सीमांचल क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और राज्य सरकार के सहयोग से कई योजनाओं पर सकारात्मक कार्रवाई हो रही है। “सरकार की संकल्पित नीतियों से पूर्णिया का निरंतर विकास सुनिश्चित होगा,” उन्होंने विश्वास जताया।
*धांसू*
एक ही दिन में कृषि, शिक्षा, पर्यटन, सड़क और रोजगार जैसे मुद्दों को सदन में उठाकर विधायक ने साफ संकेत दिया कि पूर्णिया के विकास पर अब बहुआयामी फोकस रहेगा।
*जरा हटकर*
एग्रो मॉडल पार्क का प्रस्ताव सिर्फ किसानों के लिए बाजार नहीं, बल्कि परिवारों के लिए आकर्षण केंद्र भी बन सकता है—जहां खेती, हरियाली और पर्यटन का अनोखा संगम देखने को मिले।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि एग्रो मॉडल पार्क और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाएं धरातल पर उतरती हैं, तो पूर्णिया सीमांचल का ग्रोथ हब बन सकता है। बेहतर सड़क, शिक्षा संसाधन और रोजगार के अवसर क्षेत्रीय पलायन को कम करने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।

