दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित
उत्तर भारत में ठंड के साथ घने कोहरे का प्रकोप दिख रहा है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
कोहरे के कारण ट्रेनों और उड़ानों की रफ्तार थम गई है। दिल्ली से चलने वाली 27 ट्रेनें कोहरे के कारण लेट रहीं। साथ ही इधर आने वाली कई ट्रेनें भी घंटों की देरी से पहुंचीं।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी पंजाब के कई जिलों में सुबह और शाम घनी धुंध पड़ने की संभावना है। शुक्रवार को पठानकोट का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
हरियाणा के नारनौल में छह डिग्री सेल्सियस, चंडीगढ़ में 6.5 डिग्री सेल्यिसस और राजस्थान के माउंट आबू में 0.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी थम गई है। कई स्थानों पर वाहन चालकों को रास्ता नहीं दिखाई देने के कारण वाहनों को रोकना पड़ा।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कोहरे के कारण कई स्थानों पर स्कूलों की छुट्टियां भी घोषित की गई हैं। कई स्थानों पर परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं।
कोहरे की स्थिति को देखते हुए रेलवे और विमानन कंपनियों ने भी यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। कई ट्रेनों और उड़ानों के समय में भी बदलाव किया गया है।