पश्चिम विक्षोभ की वजह से कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
उत्तर भारत में मौसम करवट ले रहा है। पश्चिम विक्षोभ की वजह से उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार समेत कई राज्यों में एक बार फिर ठंड का आगमन हो चुका है। मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश हुई, जिसकी वजह से न्यूनतम तापमान में कमी आई है।
दिल्ली में आज मौसम साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि, दिनभर बादलों की आवाजाही रहेगी और धूप निकली रहेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 25 और 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में पश्चिम विक्षोभ का असर दिख रहा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिनभर बादल छाए रहेंगे। मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि बुधवार सुबह हल्का कोहरा या धुंध रह सकती है। दोपहर में धूप निकलेगी। आगामी दिनों में अब अधिकतम तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी।
बिहार में मौसम शुष्क बना हुआ है। राज्य के अधिसंख्य भागों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के साथ सर्द पछुआ हवा के कारण ठंड में हल्की वृद्धि की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में आज भी बर्फबारी की उम्मीद है। जम्मू कश्मीर में मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान घाटी के कई इलाकों में बर्फबारी व बारिश की संभावना जताई है। पश्चिम विक्षोभ की वजह से घाटी में बर्फबारी हो रही है। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी बर्फबारी हुई है।