14 से 16 जनवरी तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड
झारखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटे में तापमान में इजाफे के आसार हैं। वहीं 14 जनवरी से 16 जनवरी तक प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इसके बाद लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। इस महीने के अंत तक मौसम में बदलाव जारी रहेगा। फरवरी महीने में लोगों को ठंड के सितम से राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में ठंड और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे में तापमान में इजाफा होगा, वहीं इसके बाद ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य के निकटवर्ती मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के अलावा उत्तर पश्चिमी हिस्से पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में हल्के दर्जे का कोहरा छाया रहेगा।
साथ ही इन जिलों में आंशिक बादल भी छाए रहेंगे। मकर संक्रांति पर ठंड का सितम बादल छाए रहने से इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि तो होगी। इसके बाद 14, 15 और 16 जनवरी को दोबारा ठंड का प्रकोप बढ़ जाएगा। इन तीन दिन में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी।